शिकायत के 24 घंटे के भीतर पुलिस एक्शन, तिरुलडीह में अवैध बालू ढुलाई पर शिकंजा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

शिकायत के 24 घंटे के भीतर पुलिस एक्शन, तिरुलडीह में अवैध बालू ढुलाई पर शिकंजा

कुकडू , 21 फरवरी : स्वर्णरेखा नदी से कथित अवैध बालू उत्खनन के मुद्दे पर उठे विवाद के बीच तिरुलडीह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इन ट्रैक्टरों पर करीब 300 सीएफटी बालू लदा हुआ था, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने जब्त वाहनों को थाना परिसर में सुरक्षित रखा है तथा मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत तिरुलडीह पंचायत के मुखिया सुधीर सिंह मुंडा ने एक दिन पूर्व ही जिले के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर स्वर्णरेखा नदी के तिरुलडीह पुल एवं सिरकाडीह श्मशान घाट क्षेत्र में अवैध बालू खनन और भंडारण की शिकायत की थी। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया था कि बाहरी और स्थानीय तत्वों की मिलीभगत से हाईवा और ट्रकों के जरिए बालू की ढुलाई की जा रही है।

मुखिया द्वारा भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक, रांची, पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोल्हान मंडल, चाईबासा, उपायुक्त, जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुकड़ू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी प्रेषित की गई थी। पत्र में थाना प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए थे।

शिकायत के दूसरे ही दिन पुलिस की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि क्या यह कार्रवाई बड़े स्तर पर चल रहे कथित अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए पर्याप्त होगी या फिर यह महज शुरुआती कदम है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यदि आगे भी छापामारी जारी रहती है तो अवैध खनन से जुड़े नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ सकता है। प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।

Share This Article