नदी किनारे कफन में लिपटी वयोवृद्ध महिला की लाश मिलने से सनसनी

ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम का मामला, पहचान नहीं हो सकी
ईचागढ़, 03 फरवरी : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम गांव के समीप नदी किनारे एक वयोवृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला के शव पर कफन मौजूद था, जिससे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में महिला की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



