नगरपालिका चुनाव की तैयारियों पर प्रशासन सख्त

उपायुक्त ने विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का औचक निरीक्षण कर दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
–
सरायकेला, 3 फरवरी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कोषांगों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय भवन में संचालित निर्वाचन कोषांग, सूचना एवं विज्ञान कोषांग, व्यय कोषांग, कार्मिक कोषांग, परिवहन कोषांग एवं जन शिकायत कोषांग की कार्यप्रगति की समीक्षा की।
साथ ही काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित सामग्री कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग का भी निरीक्षण किया गया। इस क्रम में अभिलेख संधारण, आपसी समन्वय एवं दायित्वों के निर्वहन की स्थिति का अवलोकन करते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां ससमय एवं मानकों के अनुसार पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इसके पश्चात उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के लिए वार्ड पार्षद, अध्यक्ष एवं महापौर पदों हेतु निर्धारित नामांकन स्थलों का निरीक्षण किया। नामांकन कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, अभ्यर्थियों की सुविधा एवं अभिलेख संधारण की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित डिस्पैच सेंटर का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। यहां तीनों नगर निकाय क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम, निर्वाचन सामग्री, सामग्री वितरण हेतु वाहनों की व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने मतदान कर्मियों की सुविधा, सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा काशी साहू कॉलेज परिसर में ही प्रस्तावित मतगणना स्थल पर की जा रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया। मतगणना कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएँ सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



