नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस को बड़ी राहत, ED की चार्जशीट खारिज होने पर भाजपा पर तीखा हमला

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस को बड़ी राहत, ED की चार्जशीट खारिज होने पर भाजपा पर तीखा हमला

जमशेदपुर, 18 दिसंबर : नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार किए जाने को कांग्रेस ने बड़ी कानूनी और राजनीतिक जीत बताया है। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कोल्हान प्रमंडल के प्रवक्ता जम्मी भास्कर ने इसे भाजपा की राजनीतिक साजिश का पर्दाफाश करार दिया।

जम्मी भास्कर ने कहा कि अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि ED की शिकायत किसी FIR पर आधारित नहीं थी, बल्कि एक निजी परिवाद पर आधारित थी, जो PMLA के तहत टिकाऊ नहीं है। इससे यह साबित हो गया कि वर्षों से कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी, को केंद्रीय एजेंसियों के जरिए परेशान किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और न्यायपालिका की जीत है।

उन्होंने बताया कि यह मामला वर्ष 2012 से चल रहा था, जिसे भाजपा नेताओं द्वारा राजनीतिक दुर्भावना के तहत आगे बढ़ाया गया। कोर्ट के निर्णय से यह स्पष्ट हो गया कि मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं था।

फैसले के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जमशेदपुर के साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस के झंडे फाड़े जाने का आरोप भी लगाया गया, जिस पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि यह फैसला भाजपा की राजनीति की हार है और गांधी परिवार को बदनाम करने की साजिश विफल हुई है। वहीं जम्मी भास्कर ने दोहराया कि जब तक केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग पूरी तरह बंद नहीं होता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

Share This Article