चांडिल-तिरुलडीह-मुरी डबल लाइन को मिली मंजूरी, पैसेंजर ट्रेन की मांग फिर हुई तेज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल-तिरुलडीह-मुरी डबल लाइन को मिली मंजूरी, पैसेंजर ट्रेन की मांग फिर हुई तेज

चांडिल, 03 फरवरी : रांची लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधा विस्तार की दिशा में एक और बड़ी सफलता मिली है। चांडिल-तिरुलडीह-मुरी रेलखंड (लगभग 68 किलोमीटर) पर डबल लाइन निर्माण को अंतिम स्वीकृति मिल चुकी है। स्वीकृति के बाद शीघ्र ही आगे की तकनीकी व प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू किए जाने की उम्मीद है।

 

इस रेलखंड पर डबल लाइन के निर्माण से रेल परिचालन अधिक सुगम होगा, ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की संभावनाएं बनेंगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक और सामाजिक विकास को भी नई गति देगी।

 

इस बीच, स्थानीय लोगों ने इस रूट पर पैसेंजर ट्रेन परिचालन की मांग एक बार फिर तेज कर दी है। लोगों का कहना है कि चांडिल-तिरुलडीह-मुरी रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक यह मांग पूरी नहीं हो सकी है। वर्तमान में इस रूट पर सीमित ट्रेनें होने के कारण छात्रों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

स्थानीय लोगों का मानना है कि डबल लाइन निर्माण के बाद पैसेंजर ट्रेन चलाने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे आम जनता को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। लोगों ने सरकार और रेल प्रशासन से आग्रह किया है कि डबल लाइन परियोजना के साथ-साथ इस रूट पर पैसेंजर ट्रेन के परिचालन की घोषणा भी शीघ्र की जाए। इसके साथी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए

 

रांची की जनता को मिली इस रेल परियोजना को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए क्षेत्र के सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। डबल लाइन बनने से रांची सहित आसपास के क्षेत्रों के औद्योगिक, व्यापारिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share This Article