राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन, ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ का आयोजन

सरायकेला, 30 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिला में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के समापन अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दौड़ इंडोर स्टेडियम, सरायकेला से बिरसा मुंडा स्टेडियम तक आयोजित की गई, जिसे उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएँ एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए और सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता एवं यातायात नियमों के अनुशासित पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मोटरयान निरीक्षक दिलीप प्रसाद द्वारा उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित सड़क और सुरक्षित जीवन का संदेश दिया गया।



