भूमि संरक्षण योजनाओं की समीक्षा बैठक, पारदर्शिता पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भूमि संरक्षण योजनाओं की समीक्षा बैठक, पारदर्शिता पर जोर

सरायकेला, 04 दिसंबर : समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं के चयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि यंत्र वितरण, तालाब निर्माण एवं जीर्णोद्धार सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, नियमानुसार और निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रखंडों से प्राप्त प्रस्तावों एवं लाभुक सूचियों का गहन परीक्षण और आवश्यक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि चयन प्रक्रिया में लापरवाही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

तालाब निर्माण योजनाओं पर विशेष चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तर से मिली अनुशंसाओं का परीक्षण कर लक्ष्यानुरूप प्राथमिकता सूची तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे लाभुक, जिन्होंने पूर्व में किसी योजना का लाभ नहीं लिया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगामी लक्ष्य में शामिल किया जाए।

उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सक्रिय एवं इच्छुक किसानों को कृषि यंत्रों का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने की बात भी कही।

Share This Article