मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 20 बकरी पालन इकाइयों का वितरण

राजनगर, 04 दिसंबर : राजनगर प्रखंड में गुरुवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत 20 यूनिट बकरी पालन इकाइयों का वितरण पात्र लाभुकों के बीच किया गया। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करना, पशुधन आधारित स्वरोज़गार को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय स्तर पर स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
वितरण कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने लाभुकों को योजनांतर्गत प्रदान की गई इकाइयों के सही उपयोग और प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्हें बकरी पालन से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे नियमित टीकाकरण, पशुओं की पोषण संबंधी जरूरतें, स्वच्छता, रोग प्रतिरोधक उपाय एवं बाज़ार से जुड़ाव के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बेहतर देखभाल और वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन अपनाने पर यह योजना ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने में अत्यंत प्रभावी साबित हो सकती है।
इसके साथ ही लाभुकों से अपील की गई कि वे बकरी पालन के सफल क्रियान्वयन के बाद अपने आसपास के अन्य पात्र ग्रामीणों को भी योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक परिवार पशुधन आधारित आजीविका से लाभान्वित हो सकें।



