जिला गव्य विकास कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय पशु मेला व प्रदर्शनी आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जिला गव्य विकास कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय पशु मेला व प्रदर्शनी आयोजित

सरायकेला, 22 जनवरी : सरायकेला–खरसावां जिला गव्य विकास कार्यालय परिसर में गुरुवार को जिला स्तरीय पशु मेला एवं पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, पशु शल्य चिकित्सक, विभिन्न प्रखंडों के पशु चिकित्सक तथा मीडियाकर्मी उपस्थित रहे। वहीं जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए गोपालक, पशुपालक एवं प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान गव्य विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से पशुपालकों और कृषकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर संबंधित योजनाओं के अंतर्गत आवेदन भी प्राप्त किए गए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

अतिथियों एवं विभागीय पदाधिकारियों ने किसानों व पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पशुपालन एवं डेयरी विकास किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

इस दौरान पशु चिकित्सकों द्वारा पशु स्वास्थ्य, उन्नत नस्ल, टीकाकरण, चारा प्रबंधन एवं पशु रोगों की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

कार्यक्रम में गव्य प्रभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं के तहत कुल 11 चयनित लाभुकों के बीच 17 दुधारू गायों का वितरण किया गया। इसमें 2 दुधारू गाय वितरण योजना के अंतर्गत 9 लाभुकों, 5 दुधारू गाय वितरण योजना के अंतर्गत 1 लाभुक तथा 10 दुधारू गाय वितरण योजना के अंतर्गत 1 लाभुक को लाभान्वित किया गया।

Share This Article