चांडिल : अज्ञात वाहन की चपेट में आने से आदिम जनजाति समुदाय के बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल : अज्ञात वाहन की चपेट में आने से आदिम जनजाति समुदाय के बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

चांडिल, 21 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरिगोड़ा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से आदिम जनजाति समुदाय के एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान चौका थाना क्षेत्र के हेंसाकोचा पंचायत अंतर्गत माचाबेड़ा गांव निवासी सोनाराम पहाड़िया के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनाराम पहाड़िया टुसु मेला देखने के बाद शाम के समय पैदल रामगढ़ स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को तत्काल एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को उचित सहायता एवं दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। यह दुर्घटना मंगलवार रात की है।

Share This Article