विभिन्न प्रखंडों में लोगों को पौष्टिक आहार लेने के लिए जागरूक करेगा पोषण जागरूकता रथ

Manbhum Updates
2 Min Read

विभिन्न प्रखंडों में लोगों को पौष्टिक आहार लेने के लिए जागरूक करेगा पोषण जागरूकता रथ

जमशेदपुर, 19 सितंबर : राष्ट्रीय पोषण माह के तहत शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रथ धालभूम एवं घाटशिला अनुमंडल के शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के टोला/ मोहल्ला, हाट – बाजार में भ्रमणशील रहकर लोगों को कुपोषण एवं सही पोषण के प्रति जागरूक करेगा। मौके पर उपायुक्त ने प्रतिभागियों को पोषण शपथ दिलाई।

उपायुक्त ने कहा कि कुपोषण जैसी समस्या को दूर करने के लिए लोगों के बीच जागरूकता लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलने वाले पोषण अभियान को एक जन भागीदारी – जन आंदोलन की तरह चलाने के उद्देश्य से सभी का सहयोग अपेक्षित है ताकि जिले को शत प्रतिशत कुपोषण मुक्त बनाया जा सके ।

पोषण रथ के माध्यम से विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों में विशेष रूप से टीकाकरण, खान – पान, पौष्टिक आहार, उचित पोषण, स्वच्छता एवं साफ – सफाई, डायरिया व अनीमिया की रोकथाम प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर विशेष जानकारी दी जाएगी। साथ ही, गर्भवती महिलाएं, धातृ माताओं तथा नवजात शिशु, किशोरियों एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य बनाये रखने की जानकारियों से अवगत कराया जाएगा।

इस वर्ष पोषण माह 2025 का फोकस महिलाओं, बच्चों और परिवारों के सर्वांगीण स्वास्थ्य एवं पोषण पर है। पोषण माह में दिनांक 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका उपस्थित रहे।

Share This Article