चांडिल में अवैध महुआ शराब के खिलाफ प्रशासन का कड़ा प्रहार – चार भट्टियां ध्वस्त, 1100 किलो जावा महुआ विनष्ट, 50 लीटर चुलाई शराब जब्त

चांडिल, 21 जनवरी : उपायुक्त सरायकेला–खरसावां नितिश कुमार सिंह के स्पष्ट एवं सख्त निर्देशों के आलोक में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को अधीक्षक उत्पाद क्षितिज मिंज के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में एक सघन विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खोकरोडीह, हामसदा, जड़ियाड़ीह आदि गांवों में संचालित चार अवैध महुआ शराब भट्टियों (अड्डों) पर औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई में लगभग 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विधिसम्मत तरीके से विनष्ट कर दिया गया। वहीं, भट्टियों से 50 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की गई।
इस संबंध में अवैध शराब अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मामले को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला प्रशासन अवैध शराब के विरुद्ध शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति पर कार्य कर रहा है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिचालन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने तथा नियमित एवं औचक छापेमारी अभियान जारी रखने के निर्देश दिए, ताकि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जा सके।



