रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा – ट्रक और सवारी वाहन की टक्कर में सात की मौत, कई घायल
रामगढ़, 26 जून : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एक ट्रक और सवारी वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताशा पार्टी के सदस्य एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सवारी वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान सीसीएल की तोपा कोलियरी से वैध कोयला लेकर धनबाद की ओर जा रहे एक ट्रक से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी वाहन के परखच्चे उड़ गए और सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और सवारी वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।