पुलिस की टीमों ने रातभर मारे छापे, 13 वांछित/वारंटी गिरफ्तार, निगरानी अपराधियों का सत्यापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुलिस की टीमों ने रातभर मारे छापे, 13 वांछित/वारंटी गिरफ्तार, निगरानी अपराधियों का सत्यापन

सरायकेला, 24 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के नेतृत्व में बीती रात जिलेभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न कांडों में वांछित अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ निगरानी सूची में शामिल आरोपपत्रित अपराधकर्मियों का भौतिक सत्यापन किया गया।

इस विशेष अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, सभी थाना प्रभारी तथा अंचल निरीक्षकों के नेतृत्व में अलग-अलग छापामारी दलों का गठन किया गया। टीमों ने जिले के गम्हरिया, चांडिल, आरआईटी, सरायकेला एवं आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान कुल 13 वांछित अपराधियों/वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 7 वर्ष से अधिक पुराने मामलों के गैर-जमानतीय वारंटी भी शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या, उत्पाद अधिनियम, संपत्तिमूलक अपराध, नक्सल कांड एवं अन्य गंभीर मामलों में आरोपित अपराधकर्मी शामिल हैं।

गैर-जमानतीय वारंटियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि जमानतीय वारंटियों को आवश्यक प्रक्रिया के बाद जमानत पर मुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त जिले में अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से विभिन्न थानों के अंतर्गत निगरानी अधीन अपराधकर्मियों का सत्यापन भी किया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।

Share This Article