अवैध अफीम खेती रोकने के लिए पुलिस का जागरूकता अभियान जारी, चौका क्षेत्र में 600 किलोग्राम बीज का वितरण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध अफीम खेती रोकने के लिए पुलिस का जागरूकता अभियान जारी, चौका क्षेत्र में 600 किलोग्राम बीज का वितरण

चांडिल, 16 नवंबर : सरायकेला-खरसावाँ जिला पुलिस द्वारा वर्तमान फसलीय वर्ष में अफीम की अवैध खेती को पूर्णतः रोकने के उद्देश्य से ‘प्री कल्टीवेशन ड्राइव’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तीसरे चरण के तहत चौका थाना क्षेत्र के प्रभावित गांवों में पुलिस ने व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में रामकृष्णा फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा। अभियान के तहत थाना क्षेत्र के रंगामाटिया और तानीसोया गांवों में किसानों को वैकल्पिक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले चना, सरसों, गेहूं और मटर के बीज किसानों के बीच वितरित किए गए। दोनों गांवों में मिलाकर लगभग 600 किलोग्राम बीज का वितरण किया गया, जिससे करीब 100 से 120 किसान परिवार लाभान्वित हुए।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि अफीम की अवैध खेती न केवल कानूनन दंडनीय है, बल्कि इससे सामाजिक जोखिम भी बढ़ता है। इसलिए ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सुरक्षित और कानूनी रूप से लाभकारी विकल्प—सब्जी और अनाज की पारंपरिक खेती—को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

जिला पुलिस ने कहा कि उनका उद्देश्य अफीम की खेती की संभावना को पूर्णतः समाप्त करना और किसानों को टिकाऊ, सुरक्षित एवं लाभकारी कृषि की ओर अग्रसर करना है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे अवैध गतिविधियों से दूर रहें और वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देकर जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने में सहयोग दें।

Share This Article