राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, जमशेदपुर–आदित्यपुर में तैयारियों की सघन समीक्षा

जमशेदपुर/आदित्यपुर, 23 दिसंबर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित 29 दिसंबर के जमशेदपुर एवं आदित्यपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवधानरहित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक व पुलिस स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में झारखंड सरकार के सचिव (वाणिज्य कर विभाग) अमिताभ कौशल एवं जोनल आईजी मनोज कौशिक की अध्यक्षता में परिसदन, जमशेदपुर में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला–खरसावाँ नितिश कुमार सिंह, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम पीयूष पांडेय, एसपी सरायकेला–खरसावाँ मुकेश लुणायत सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राष्ट्रपति के परिभ्रमण मार्ग की मैपिंग, यातायात प्रबंधन, मार्ग से निर्माण सामग्री हटाने, आवश्यकतानुसार बैरिकेटिंग, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सुरक्षा कर्मियों की ब्रिफिंग व रिहर्सल, पूरे क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित करने तथा प्रोटोकॉल के सख्त अनुपालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत सचिव एवं जोनल आईजी द्वारा करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल, एनआईटी जमशेदपुर तथा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था संधारण की गहन समीक्षा करते हुए सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एडीसी भगीरथ प्रसाद, नगर आयुक्त आदित्यपुर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी सहित पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला–खरसावाँ जिले के संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



