चांडिल : सालतोल पहुंची चलंत लोक अदालत, ग्रामीणों को मिला निःशुल्क कानूनी जानकारी का लाभ

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल : सालतोल पहुंची चलंत लोक अदालत, ग्रामीण को मिला निःशुल्क कानूनी जानकारी का लाभ

चांडिल, 20 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के निर्देश पर शनिवार को चांडिल प्रखंड अंतर्गत आसानबनी गांव के टोला सालतोल एवं बांसतोल में चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तौसीफ मेराज के मार्गदर्शन में विधिक जागरूकता वाहन के माध्यम से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पैनल अधिवक्ता संजय साह ने उपस्थित ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि चलंत लोक अदालत का उद्देश्य गांव-गांव जाकर छोटे-छोटे विवादों का त्वरित, सरल और सुलभ समाधान करना है, ताकि आमजन को न्याय पाने के लिए लंबी प्रक्रिया और खर्च से न गुजरना पड़े। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की अपील की।

विधिक जागरूकता शिविर में “प्रोजेक्ट शिशु” के अंतर्गत स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी दी गई, जिसके तहत जरूरतमंद बच्चों को सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा डालसा के माध्यम से गरीब, असहाय और वंचित वर्ग के लोगों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई गई। बाल श्रम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में अधिकार मित्र मो. रमजान अंसारी, भूपेन चंद्र महतो, राजकुमार महतो, नेहा कुमारी, वंदना महतो, शबनम खातून सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें अपने अधिकारों को समझने और न्याय तक पहुंच बनाने में मदद मिलती है।

Share This Article