उपायुक्त ने ‘निर्वाण-2’ वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण, बुजुर्गों के बीच बांटे ऊनी वस्त्र

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

उपायुक्त ने ‘निर्वाण-2’ वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण, बुजुर्गों के बीच बांटे ऊनी वस्त्र

जमशेदपुर, 11 दिसंबर : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को डुमरिया प्रखंड के बांकीशोल पंचायत अंतर्गत बाकुलचंदा गांव स्थित हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘निर्वाण-2’ वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे निराश्रित एवं असहाय बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी स्थिति, सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण में कई बुजुर्गों ने पेंशन, आधार कार्ड और बैंक खाता नहीं होने की बात बताई, जिसके बाद उपायुक्त ने डुमरिया बीडीओ को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया। उपायुक्त ने वृद्धाश्रम में आवासीय सुविधा, भोजन, चिकित्सा, स्वच्छता, शौचालय-स्नानगृह और दैनिक उपयोग की सामग्री की उपलब्धता का भी बारीकी से जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा मानवता का सर्वोच्च कार्य है और हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन की पहल समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। ठंड को देखते हुए उपायुक्त ने वृद्धाश्रम प्रबंधन को बुजुर्गों की देखभाल के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धजनों के बीच ऊनी वस्त्र, शॉल और अन्य गर्म कपड़ों का वितरण भी किया।

उपायुक्त ने भोजन की गुणवत्ता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मानसिक स्वास्थ्य समर्थन तथा योग-ध्यान जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने की बात कही। उन्होंने आश्रम परिसर की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने पर जोर दिया।

वृद्धाश्रम में निःशुल्क आवास, भोजन, दवा, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। निरीक्षण के दौरान डुमरिया बीडीओ नीलेश मुर्मू, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article