किसानों को पारदर्शी एवं सुचारु क्रय व्यवस्था की जानकारी पर जोर, जागरूकता रथ रवाना

सरायकेला, 11 दिसंबर : जिले में धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ आगामी अधिप्राप्ति सत्र से जुड़े सभी आवश्यक निर्देश, प्रक्रियाएं तथा 27 अधिप्राप्ति केंद्रों की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचाएगा।
उपायुक्त ने मौके पर कहा कि किसानों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध धान क्रय व्यवस्था उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी अधिप्राप्ति केंद्रों पर संसाधनों और सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसानों को खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिप्राप्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें तथा किसानों को उनके धान मूल्य का समय पर भुगतान हर हाल में सुनिश्चित करें। जागरूकता रथ के माध्यम से किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, धान गुणवत्ता मानक एवं समर्थन मूल्य से संबंधित सही व अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहें।
ज्ञात हो कि जिले में धान अधिप्राप्ति कार्य 15 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होने जा रहा है। रथ विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण कर ऑडियो संदेशों एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से किसानों को जागरूक करेगा। कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



