ईद मिलादुन्न नबी को लेकर प्रशासन अलर्ट, जुलूस रूट 7 जोन में बांटा
जमशेदपुर, 24 अगस्त : ईद मिलादुन्न नबी के अवसर पर जमशेदपुर शहर में निकलने वाले जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने विधि व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में जुलूस की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और शहर में सामान्य जनजीवन सुचारू रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, धालभूम एसडीओ अर्नव मिश्रा, डीएसपी, नगर निकायों के पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न मस्जिद कमिटियों के सदस्य शामिल हुए।
प्रशासन ने जुलूस के निर्धारित रूट को 7 जोन में विभाजित कर प्रत्येक जोन में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। गांधी मैदान से सुबह 9 बजे जुलूस शुरू होने को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
जुलूस मार्ग का अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से सत्यापन करेंगे। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे। रूट पर निर्माण सामग्री नहीं रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जुलूस मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। बाइकर्स गैंग और तेज गति से वाहन चलाने वाले असामाजिक तत्वों पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जमशेदपुर में ईद मिलादुन्न नबी का पर्व हमेशा आपसी सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में मनाया जाता रहा है। उन्होंने लोगों से इसी भावना के साथ पर्व मनाने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने जुलूस के दौरान अश्लील या भड़काऊ गाने नहीं बजाने तथा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी आचरण से बचने का निर्देश दिया।
वहीं, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने जुलूस में शामिल वॉलंटियर्स को पहले से ब्रीफ करने और उन्हें निर्धारित रूट, समय सीमा एवं प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी देने को कहा। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक में मेडिकल सुविधा, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ आमबागान, गांधी मैदान, धतकीडीह समेत प्रमुख स्थानों पर पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने सभी लोगों से निर्धारित रूट, समय और नियमों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने में सहयोग की अपील की।



