चलंत लोक अदालत वाहन को बीडीओ ने दिखाई हरी झंडी, पुरानडीह में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ईचागढ़ , 04 दिसंबर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में ईचागढ़ प्रखंड में चलंत लोक अदालत वाहन को प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन पुरानडीह मोड़ पहुंचकर ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक अम्बिका चरण पाणी ने चलंत लोक अदालत की महत्वता और इसके उद्देश्य पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आमजनों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करना और छोटे–मोटे विवादों का त्वरित निपटारा करना इसका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए नागरिकों का कानूनी रूप से जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। कानूनी जानकारी के अभाव में लोग वर्षों तक समस्याओं में उलझे रहते हैं, जबकि मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का सहज और त्वरित समाधान संभव है।
कार्यक्रम में बाल विवाह, डायन प्रथा, बाल श्रम तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। साथ ही योग्य एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क अधिवक्ता सुविधा के बारे में विशेष रूप से जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स कार्तिक गोप, गंगासागर पाल, तुष्ट रानी मंडल, इशिता उरांव, निर्मल घोष, दिगम्बर महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



