नीमडीह : जाहेरथान पर हो रहा था अवैध कब्जा, प्रशासन ने चलवाया बुलडोजर
नीमडीह, 24 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत पारगामा में ग्रामीणों की प्राचीन जाहेर थान पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा था। जाहेर थान की भूमि पर अवैध रूप से मकान निर्माण कराया जा रहा था। ग्रामीणों ने कई बार आपत्ति जताई थी लेकिन अवैध अतिक्रमण जारी रहा। जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से लिखित शिकायत कर अविलंब अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।
शुक्रवार को अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी अभय द्विवेदी के नेतृत्व में बुलडोजर चलाकर निर्माणाधीन मकान को ध्वस्त कर अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जाहेर थान की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने पर ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।