दुर्गा पूजा के बाद सफाई अभियान तेज, छठ घाटों की सफाई में जुटेंगे 1200 से अधिक सफाई मित्र
रांची, 23 अक्टूबर : दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन के बाद अब राज्य के विभिन्न स्थानों पर घाटों की सफाई अभियान भी शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में नगर निगम की ओर से शहर के सभी चिन्हित स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान 600 सफाई मित्रों ने मूर्ति अवशेषों एवं पूजा सामग्रियों का समुचित निस्तारण किया। वहीं, आगामी छठ महापर्व को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शहर के 74 तालाबों के घाटों की साफ-सफाई के लिए 1200 से अधिक सफाई मित्रों को तैनात किया गया है। नगर निगम का उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित घाट उपलब्ध कराना है, ताकि महापर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर निगम की ओर से पर्वों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, शहरवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।



