अपराध पर नकेल कसने को सरायकेला-खरसावां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, “प्रहरी” पहल के तहत पूरे जिले में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान

सरायकेला/चांडिल, 13 नवंबर : जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में “प्रहरी” पहल के तहत गुरुवार को जिलेभर में व्यापक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला एवं चांडिल के नेतृत्व में संचालित हुआ।
अभियान के दौरान जिले के सभी अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दल-बल के साथ सड़कों पर उतरे। चेकिंग अभियान के तहत ड्रंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग, बिना हेलमेट व बिना कागजात के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। साथ ही, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की भी तलाशी ली गई ताकि किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “प्रहरी” पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और अपराधियों में भय का वातावरण बनाना है। उन्होंने बताया कि इस तरह की चेकिंग आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना की है। नागरिकों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर अंकुश लगेगा और आम जनता को राहत मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि “प्रहरी” अभियान के तहत हर सप्ताह विशेष चेकिंग अभियान चलाकर जिले को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।
सरायकेला-खरसावां पुलिस की यह पहल न केवल अपराध नियंत्रण बल्कि जनता के भरोसे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।



