धनबाद रेलवे स्टेशन से आरोपी हिरासत में, साहिबगंज के तीनपहाड़ से हुई बच्चे की बरामदगी
रांची, 29 सितंबर : रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर को अगवा किए गए चार वर्षीय विवान कुमार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया है।
बच्चे के अपहरण की घटना को लेकर चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर बच्चे की बरामदगी के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला और 27 सितंबर को धनबाद रेलवे स्टेशन से रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन को धनबाद पुलिस और आरपीएफ के सहयोग से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार रोहित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी दी।
रोहित की निशानदेही पर पुलिस टीम ने साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र में छापेमारी की। यहां बिट्टु कुमार सिंह की नानी के घर से चार वर्षीय विवान को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने मामले में रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन, बिट्टु कुमार सिंह, छोटु कुमार, तसबोर शेख और जमादार शेख को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। एक किशोर को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आरोपियों के बच्चों से मोबाइल चोरी कराने वाले गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है। हालांकि, अपहरण के वास्तविक कारण और गिरोह के पूरे नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगा रही है।



