औद्योगिक क्षेत्रों में अनियंत्रित पार्किंग पर सख्ती, मुख्य सड़कों पर खड़े वाहनों को व्यवस्थित करने का निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

औद्योगिक क्षेत्रों में अनियंत्रित पार्किंग पर सख्ती, मुख्य सड़कों पर खड़े वाहनों को व्यवस्थित करने का निर्देश

सरायकेला, 28 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर उद्योग सचिव अरवा राजकमल की अध्यक्षता में परिसदन सभागार, सरायकेला में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों की पार्किंग, मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों और यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के आलोक में हुई समीक्षा के दौरान औद्योगिक प्रतिष्ठानों के आसपास मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों के अनियंत्रित ठहराव से होने वाली यातायात समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने परिसर में आने वाले भारी वाहनों के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर ट्रकों के खड़े होने का मामला भी उठा

चिलियामा क्षेत्र में रूंगटा स्टील प्लांट के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने से संबंधित जनहित याचिका के संदर्भ में भी बैठक में चर्चा हुई। प्रशासन ने मुख्य सड़कों पर अनधिकृत और अनावश्यक रूप से वाहनों के ठहराव को रोकने के लिए नियमित कार्रवाई और निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

राजनगर स्थित रूंगटा माइंस की पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान पार्किंग स्थल को व्यवस्थित रखने और वाहन चालकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। पार्किंग स्थल पर वाहनों के सुरक्षित ठहराव और सुचारु आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

राजनगर सीएचसी में ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव की समीक्षा

निरीक्षण के क्रम में उद्योग सचिव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान डेडिकेटेड ट्रॉमा सेंटर के प्रस्ताव की समीक्षा की गई और दुर्घटना के बाद घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों को पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने और मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों के अनावश्यक ठहराव को नियंत्रित करने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share This Article