नीमडीह, 28 मार्च: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त यातायात व्यवस्था चरमरा गई, जब जामडीह रेलवे फाटक से लेकर पितकी फाटक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान बड़े, छोटे और मझोले सभी प्रकार के वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि छोटे यात्री वाहन—कार, टेंपो समेत अन्य साधनों में सफर कर रहे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि सूचना मिलते ही नीमडीह पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जाम को हटाने में सफलता हासिल की, जिससे आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पितकी रेलवे फाटक के कारण चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। लेकिन इस समस्या को और विकराल रूप देने में बस चालकों की मनमानी अहम भूमिका निभा रही है। बताया जाता है कि कई बस चालक गलत दिशा से वाहनों को निकालने की कोशिश करते हैं, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो जाती है। बड़े वाहनों के इस अव्यवस्थित संचालन से छोटे वाहन चालकों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बस चालकों की मनमानी पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि इस समस्या से स्थायी समाधान मिल सके। बस चालकों को धैर्य रखना होगा।
ओवरब्रिज निर्माण से मिलेगी राहत
नीमडीह के पितकी और जामडीह में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज को लेकर भी उम्मीदें जगी हैं। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जून-जुलाई तक इसे पूरा कर वाहनों के आवागमन के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। ओवरब्रिज चालू होने के बाद इस मार्ग पर जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।