रामनवमी विसर्जन में झूमे बन्ना गुप्ता, कहा – मर्यादा पुरुषोत्तम राम हमारे मन में बसते हैं

Manbhum Updates
2 Min Read

जमशेदपुर, 28 मार्च : रामनवमी के पावन अवसर पर विसर्जन जुलूस के दौरान झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री Banna Gupta पूरे उत्साह और भक्ति भाव में नजर आए। वे मानगो मेयर Sudha Gupta के साथ शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा निकाले गए भव्य जुलूस में शामिल हुए।
इस दौरान कई अखाड़ा समितियों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर तथा तलवार भेंट कर सम्मानित किया। डंका की गूंज सुनते ही बन्ना गुप्ता खुद को रोक नहीं पाए और अखाड़े में उतरकर जमकर डंका बजाया। उन्होंने लाठी भांजते हुए पारंपरिक अखाड़ा कला का प्रदर्शन भी किया, जिससे माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया।
मौके पर उन्होंने झारखंडवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हमारे मन में बसते हैं। भगवान श्रीराम और बजरंग बली सभी भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य प्रदान करें, यही कामना है।”
विसर्जन जुलूस के दौरान मानगो चौक समेत विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर भी लगाए गए थे, जहां राम भक्तों के लिए जलपान और विश्राम की व्यवस्था की गई थी। इन शिविरों में मानगो कांग्रेस प्रखंड, बाबा बर्फानी सेवा समिति, गोस्वामी समाज कल्याण समिति, टेलर्स ट्रक ओनर्स एसोसिएशन, विश्वकर्मा कल्याण समिति सहित कई सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही।
बन्ना गुप्ता ने कदमा स्थित रंकणी मंदिर के समीप लगे सहायता शिविर में पहुंचकर स्वयं राम भक्तों की सेवा की और उनके साथ भोग ग्रहण किया। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने उन्हें एवं मेयर सुधा गुप्ता को पगड़ी, तलवार और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
शहर के विभिन्न अखाड़ों—नीलकंठ महादेव मंदिर रोड नंबर 4, पारडीह, त्रिवेदी अखाड़ा, रोड नंबर 4 अखाड़ा एवं दाइगुटू अखाड़ा में भी उनकी उपस्थिति ने श्रद्धालुओं में खास उत्साह भर दिया।

Share This Article