बसंत पंचमी पर चांडिल अनुमंडल में सरस्वती पूजा की धूम, भक्तिमय हुआ माहौल

चांडिल, 23 जनवरी : अनुमंडल क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत कादला में मा वीणा पानी क्लब के मां सरस्वती पूजा पंडाल की विधिवत रूप से झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप में फीता काट कर उद्घाटन किया।बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ की गई। सरस्वती पूजा के मौके पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों व शहरी इलाकों में जगह-जगह आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण कर देवी सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई।
सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू हुई। स्कूल-कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष रूप से सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया, जहां छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और विवेक का आशीर्वाद मांगा।
पूरे दिन पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्तिमय भजनों और मंत्रों से क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और उल्लासपूर्ण बना रहा। बसंत पंचमी के इस पावन अवसर पर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर कई स्थानों में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।



