बाल्डविन स्कूल में महिषासुर मर्दिनी और रामलीला की मनमोहक प्रस्तुति

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को दिया सत्य, साहस और सदाचार का संदेश

जमशेदपुर, 16 अक्टूबर : कदमा स्थित बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल में भारतीय संस्कृति, परंपरा और शाश्वत जीवन-मूल्यों पर आधारित महिषासुर मर्दिनी एवं रामलीला की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अभिनय और नृत्य के माध्यम से भारतीय महाकाव्यों की गाथाओं को जीवंत कर दिया।

महिषासुर मर्दिनी नृत्य-नाटिका में मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के वध के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। वहीं, रामलीला के जरिए भगवान श्रीराम के आदर्शों, त्याग, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में शैक्षणिक निदेशक एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद् डॉ. अशोक सिंह, प्राचार्या डॉ. सुभश्री सरकार, प्रशासक सचिन कुमार और उप-प्राचार्या अर्चना बोस उपस्थित थे।

इस अवसर पर डॉ. अशोक सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महिषासुर को नकारात्मकता का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों से अपने भीतर की नकारात्मक सोच पर विजय प्राप्त करने तथा सकारात्मकता, साहस और सदाचार अपनाने का आह्वान किया।

वहीं, प्रशासनिक निदेशक एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद् डॉ. राजीव रंजन सिन्हा और सचिव प्रभास कुमार ने भी इस पहल की सराहना की। उन्होंने भारतीय संस्कृति, पारंपरिक मूल्यों और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देने में विद्यालय के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सत्य, साहस, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

Share This Article