मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावित आगमन से पहले उपायुक्त आर. रॉनिटा ने किया उलिहातू का निरीक्षण  तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावित आगमन से पहले उपायुक्त आर. रॉनिटा ने किया उलिहातू का निरीक्षण  तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

खूंटी, 12 नवंबर : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर 15 नवम्बर 2025 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उलिहातू आगमन की तैयारी को लेकर खूंटी की उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी आर. रॉनिटा ने बुधवार को अधिकारियों के साथ उलिहातू का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल की संपूर्ण तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की और समयबद्ध रूप से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने टेंट, अतिथि बैठने की व्यवस्था, हेलीपैड, पार्किंग, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल, विद्युत व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यक्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाएं।

उपायुक्त श्रीमती आर. रॉनिटा ने मौके पर भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात की और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि “यह दिन झारखंड राज्य और भगवान बिरसा मुंडा की गौरवशाली विरासत को स्मरण करने का ऐतिहासिक अवसर है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।”

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी खूंटी, परियोजना निदेशक (आईटीडीए), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित कई विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article