पढ़ाई के दौरान 9वीं के छात्र की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती — कारण अज्ञात

चांडिल, 12 जुलाई : कुकडू प्रखंड के ईचाडीह स्थित पीएम श्री +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय में शनिवार को पढ़ाई के दौरान एक छात्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्र की पहचान बाकरकुड़ी गांव निवासी ब्रजमोहन कुमार के पुत्र तरुण कुमार के रूप में हुई है, जो विद्यालय में कक्षा 9वीं का छात्र है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तरुण कुमार क्लास में पढ़ाई कर रहा था, तभी उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह असहज महसूस करने लगा। मौके पर मौजूद शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए प्राथमिक उपचार किया। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे परिजनों के साथ ईचागढ़ प्रखंड के पातकुम स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां फिलहाल छात्र का इलाज चल रहा है।
फिलहाल छात्र की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन तबीयत बिगड़ने के कारणों की पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। विद्यालय प्रबंधन ने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी है।
विद्यालय में छात्र की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल देखा गया। स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों की टीम छात्र की स्थिति पर निगरानी रखे हुए है।



