झारखंड में शराब घोटाले की जांच तेज – IAS अमित प्रकाश गिरफ्तार, विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची, 17 जून 2025 : झारखंड में बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच अब तेज़ी पकड़ती दिख रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार देर रात झारखंड प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और झारखंड राज्य बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) के पूर्व प्रबंध निदेशक अमित प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें मंगलवार सुबह रांची सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद विशेष एसीबी अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

एसीबी की जांच में अब तक सामने आया है कि अमित प्रकाश के कार्यकाल के दौरान शराब वितरण नीति में भारी अनियमितता हुई, जिससे राज्य सरकार को अनुमानत ₹70 से ₹100 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।

इससे पूर्व मई माह में राज्य के ही एक अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे को भी इसी घोटाले में गिरफ्तार किया गया था, जिन पर ₹38 करोड़ के गबन का आरोप है।

विपक्ष का सरकार पर तीखा हमला

अमित प्रकाश की गिरफ्तारी के बाद राज्य की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, “झारखंड में शराब माफिया और सत्ता का गठजोड़ उजागर हो चुका है। यह केवल अधिकारियों का मामला नहीं है, इसके पीछे सरकार में बैठे बड़े चेहरे भी शामिल हैं। हमारी मांग है कि इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से कराई जाए।”

आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने भी सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि
“यह गिरफ्तारी तो केवल एक कड़ी है, असली जड़ें मंत्रिमंडल के भीतर तक फैली हैं। हेमंत सरकार ने राज्य को भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया है।”

एसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि, “हमारे पास पर्याप्त डिजिटल और दस्तावेजी सबूत हैं, जिससे साफ है कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने की साजिश में अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल रहे हैं। जांच आगे भी जारी रहेगी।”

Share This Article