आधी रात जंगली हाथी ने गांव में दी दस्तक, दुकानों को तोड़ा – डर के साए में ग्रामीण
नीमडीह, 30 जुलाई : बुधवार -गुरुवार की आधी रात को एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीण भयवित हैं। मामला सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के आदारडीह गांव की है।
पश्चिम बंगाल की सीमावर्ती क्षेत्र में बसा आदारडीह गांव में बीती रात करीब एक बजे एक जंगली हाथी पहुंचा। हाथी ने गांव के कुछ दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। दुकानों के शटर और दरवाजों पर प्रहार कर उसे तोड़ दिया और दुकानों में रखे खाने के सामानों को अपना आहार बनाया। वहीं, दुकानों में रखी अन्य सामानों को रौंद डाला।
गनीमत रही कि हाथी ने जिन दुकानों पर धावा बोला था उन दुकानों पर कोई इंसान मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा अनर्थ होने की प्रबल संभावना थी।
गांव में घुसकर हाथी द्वारा उत्पात मचाए जाने की घटना के बाद ग्रामीण डर के साए में है। लोग भयवित हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। दूसरी ओर जिन दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है वह अपने नुकसान की भरपाई कैसे करें? इसकी चिंता में है।
अचानक हाथी का गांव में प्रवेश और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर आर्थिक नुकसान होने से ग्रामीणों में नाराजगी भी है। लोग वन विभाग को इस घटना के लिए जिम्मेदार बता रहे हैं और नुकसान की भरपाई करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही, नुकसान की भरपाई के साथ साथ जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।