सोमा मुंडा की हत्या झारखंडी अस्मिता पर हमला: महासभा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सोमा मुंडा की हत्या झारखंडी अस्मिता पर हमला: महासभा

जमशेदपुर, 8 जनवरी : जल–जंगल–ज़मीन की रक्षा के लिए आजीवन संघर्षरत रहे जनआंदोलनकारी एवं झारखंडी अस्मिता के प्रखर प्रहरी सोमा मुंडा की नृशंस हत्या को लेकर झारखंड जनतांत्रिक महासभा ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। घटना के बाद बालिगुमा में आयोजित एक आपात बैठक के पश्चात महासभा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस हत्या को कायरतापूर्ण, सुनियोजित और लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया।

महासभा ने कहा कि खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदागा रोड स्थित तालाब के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई सोमा मुंडा की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि झारखंडी समाज की अस्मिता, उसके संवैधानिक अधिकारों तथा जल–जंगल–जमीन की रक्षा के ऐतिहासिक संघर्ष को कुचलने की साजिश है। सोमा मुंडा 22 गांवों की साझा जनभावनाओं के प्रतिनिधि स्वर थे और सामाजिक मुद्दों पर उनका निर्भीक रुख सत्ता, माफिया और शोषक तंत्र को लगातार असहज करता रहा।

बैठक में महासभा के कृष्णा लोहार ने कहा कि सोमा मुंडा की हत्या पूरे झारखंडी समाज को डराने की साजिश है। यदि सरकार और प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो महासभा राज्यव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। वहीं दीपक रंजीत ने इसे कानून–व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए कहा कि हत्यारों की गिरफ्तारी और कठोरतम सजा तक संघर्ष जारी रहेगा।

झारखंड जनतांत्रिक महासभा ने खूंटी जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से मांग की है कि इस जघन्य हत्या की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए, सभी दोषियों एवं साजिशकर्ताओं को अविलंब गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक अदालत में कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा, सम्मानजनक मुआवजा और आश्रितों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।

Share This Article