परिवहन विभाग की कार्रवाई – मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना व स्कूल बसों की हुई जाँच, सुरक्षा और पारदर्शिता पर जोर

सरायकेला, 21 अगस्त : जिले में परिवहन सेवाओं की पारदर्शिता और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) गिरजा शंकर महतो ने गुरुवार को दो महत्वपूर्ण निरीक्षण अभियान चलाए।
सबसे पहले उपायुक्त के निर्देश पर मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत परिचालित बसों की जाँच की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि योजना के नियमों का पालन करते हुए छात्र-छात्राओं और बुजुर्ग यात्रियों से किसी भी प्रकार का भाड़ा नहीं लिया जा रहा है तथा उन्हें निःशुल्क आवागमन की सुविधा दी जा रही है। इस क्रम में डीटीओ ने बस मालिकों और परिचालकों को निर्देश दिया कि सभी वाहन परमिट की शर्तों एवं नियमावली के अनुरूप संचालित हों। उन्होंने कहा कि बसों का संचालन समयबद्ध, पारदर्शी और सुरक्षित होना चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध वसूली पाई गई तो विभागीय स्तर पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से कांड्रा स्थित सेन इंटरनेशनल स्कूल में संचालित स्कूल बसों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी बसों के फिटनेस, परमिट, बीमा, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और चालक-परिचालक से संबंधित अभिलेखों की जाँच की गई। डीटीओ ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी बसों के कागजात अद्यतन और विधिसम्मत हों, चालक लाइसेंसधारी हों और नियमावली के अनुसार ही संचालन किया जाए।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने फायर सेफ्टी उपकरण, प्राथमिक उपचार पेटी, स्पीड गवर्नर, सेफ्टी लॉक और परिचालक की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
डीटीओ गिरजा शंकर महतो ने स्पष्ट किया कि चाहे मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना की बसें हों या स्कूल बसें, दोनों ही सेवाओं का संचालन पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और नियमावली के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागीय स्तर पर सतत निगरानी और समीक्षा की जाती रहेगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई से परहेज नहीं किया जाएगा।



