भोगनाडीह रवाना होने के क्रम में भाजपा नेता राकेश वर्मा के नेतृत्व में हुआ पूर्व सीएम का भव्य स्वागत, धर्मांतरण और घुसपैठ पर दिया बड़ा बयान

Manbhum Updates
2 Min Read

पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का चांडिल में भव्य स्वागत

भोगनाडीह रवाना होने के क्रम में भाजपा नेता राकेश वर्मा के नेतृत्व में हुआ स्वागत, धर्मांतरण और घुसपैठ पर दिया बड़ा बयान

चांडिल, 29 जून। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का रविवार को चांडिल बाजार में भव्य स्वागत किया गया। वे साहिबगंज के भोगनाडीह में 30 जून को आयोजित संथाल हुल दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आज रवाना हुए। इस दौरान चांडिल पहुंचने पर भाजपा नेता राकेश वर्मा एवं उनके अनुज पप्पू वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान चांडिल बाजार जय श्रीराम, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद, चंपई सोरेन जिंदाबाद जैसे नारों से गूंज उठा। पार्टी कार्यकर्ताओं में चंपई सोरेन के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा, “धर्मांतरण और घुसपैठ की समस्या झारखंड के मूलवासी और आदिवासी समाज के अस्तित्व पर सीधा हमला है। हमें अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान की भी रक्षा करनी होगी। सरकार को चाहिए कि इन मुद्दों पर सख्त और स्पष्ट नीति अपनाए।”

उन्होंने आगे कहा कि संथाल हुल दिवस जैसे कार्यक्रम हमें हमारी जड़ों से जोड़ते हैं और यह समय है कि झारखंड अपने इतिहास और पहचान को लेकर सजग हो।

यहां भाजपा नेता राकेश वर्मा के आवासीय कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री कुछ देर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद भोगनाडीह के लिए रवाना हो गए।

बताते चलें कि संथाल हुल दिवस झारखंड के आदिवासी इतिहास का गौरवशाली पर्व है, जिसे हर वर्ष 30 जून को शहीद सिद्धो-कान्हू की स्मृति में मनाया जाता है।

Share This Article