चांडिल में धूमधाम से निकली निशान यात्रा ,श्री श्याम जन्मोत्सव पर भक्तिमय माहौल

चांडिल, 31 अक्टूबर: 29वें श्री श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को श्याम कला भवन, चांडिल की ओर से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे नगर का वातावरण भक्ति और जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

निशान यात्रा श्याम कला भवन से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, तांती बांध और बिहारी कॉलोनी होते हुए पुनः श्याम कला भवन पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें राधा-कृष्ण और बजरंगबली की झलक ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पूरे मार्ग में भक्तों ने “श्याम बाबा की जय” के जयकारे लगाए और कीर्तन, भजन व ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्याम बाबा की टोली ने अपने प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
जानकारी देते हुए श्याम कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन श्याम भक्तों की आस्था और विश्वास को और मजबूत करते हैं तथा समाज में भक्ति, एकता और सौहार्द का संदेश देते हैं।



