JSSC शिक्षक भर्ती ठगी का जाल बेनकाब, अंक उपलब्ध कराने वाला आरोपी भी गिरफ्तार – अब तक पांच आरोपी को भेजा गया जेल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

JSSC शिक्षक भर्ती ठगी का जाल बेनकाब, अंक उपलब्ध कराने वाला आरोपी भी गिरफ्तार – अब तक पांच आरोपी को भेजा गया जेल

चांडिल, 24 जुलाई : जेएसएससी पीजीटी सहायक आचार्य भर्ती में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों के सपने दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं। इस मामले में चौका पुलिस ने गुरुवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रांची के हरमु निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, चंदन कुमार पर भर्ती परीक्षा से जुड़े अंक उपलब्ध कराने का दावा कर अभ्यर्थियों का भरोसा जीतने और ठगी के पूरे नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभाने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

इससे पहले पुलिस हजारीबाग निवासी एवं आईआरबी-3 में तैनात हवलदार सुशील कुमार, गिरिडीह के हीरोडीह निवासी अमित कुमार उर्फ आर्यन, उसके चचेरे भाई अभिजीत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं रांची के धुर्वा निवासी राजेश कुमार ने चांडिल न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।

पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

गौरतलब है कि 9 जुलाई को चौका थाना क्षेत्र के चावलीबासा-बड़ामटांड गांव में एक युवती से सहायक आचार्य के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य गुरुचरण साव ने ग्रामीणों के सहयोग से पीपरवार (चतरा) स्थित आईआरबी-3 में तैनात हवलदार सुशील कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। इसी कार्रवाई के बाद पूरे ठगी गिरोह का खुलासा हुआ और एक-एक कर आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू हुई।

Share This Article