

459 किलो डोडा बरामद, स्कॉर्पियो से हो रही थी तस्करी – दो गिरफ्तार
बाघमुंडी/पुरुलिया, 20 अगस्त : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बाघमुंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर झालदा–बलरामपुर राज्य राजमार्ग पर नाकाबंदी कर एक स्कॉर्पियो वाहन से 459.14 किलोग्राम संदिग्ध डोडा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो के जरिए भारी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने झालदा–बलरामपुर राज्य मार्ग पर नाका चेकिंग शुरू की। इसी दौरान रात करीब 12:55 बजे संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन संख्या WB 48 F 7197 को रोककर तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान वाहन में रखे 15 नायलॉन के बोरों से कुल 459.14 किलोग्राम पोस्त की खाल (डोडा) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार बीरभूम जिले के इलामबाजार निवासी हसन अली उर्फ लालन और शेख कुर्बान को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बाघमुंडी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद डोडा और वाहन को जब्त कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।





पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे मादक पदार्थों से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। जांच के दौरान तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क की कड़ियां सामने आने के बाद मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

























