
सरायकेला, 24 मार्च : छठ एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत द्वारा मंगलवार को आदित्यपुर, गम्हरिया एवं आरआईटी थाना के पदाधिकारियों के साथ संबंधित थानों में बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने को कहा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं आपातकालीन सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।



