डिमना लेक में दर्दनाक हादसा – दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत, साथी डॉक्टर ने बचाई अपनी जान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डिमना लेक में दर्दनाक हादसा – दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत, साथी डॉक्टर ने बचाई अपनी जान

जमशेदपुर, 24 जुलाई : शहर के डिमना लेक में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य जूनियर डॉक्टर सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना के बाद अस्पताल परिसर और डॉक्टरों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमजीएम अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर तड़के करीब तीन बजे डिमना लेक के पास गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल तालाब में गिर गया। मोबाइल निकालने के लिए एक डॉक्टर पानी में उतरा, लेकिन गहराई में जाने के कारण वह डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा डॉक्टर भी पानी में कूद गया, लेकिन वह भी डूब गया।

दोनों साथियों को बचाने के लिए तीसरे जूनियर डॉक्टर यश ने भी तालाब में प्रवेश किया। हालांकि, वह दोनों को बचा नहीं सका। यश तैरना जानता था, इसलिए किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा तालाब में डूबे डॉक्टरों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही एमजीएम अस्पताल के कई डॉक्टर और उनके साथी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

मृतकों की पहचान सक्षम और समीर के रूप में हुई है। घटना से पूरे अस्पताल में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल डॉक्टरों में से एक की रात में एमजीएम अस्पताल में ड्यूटी भी निर्धारित थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Share This Article