झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य विकास दोदराजका का सरायकेला दौरा, बाल संरक्षण व्यवस्था का लिया जायजा

सरायकेला, 29 जुलाई , संवाददाता : झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य विकास दोदराजका ने सरायकेला जिले का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत से शिष्टाचार भेंट की और जिले में बाल संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
श्री दोदराजका ने बाल अधिकारों की सुरक्षा और संवर्धन के लिए ज़िले में संचालित योजनाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से जिले में बच्चों से संबंधित समस्याओं, उनकी आवश्यकताओं तथा बाल अधिकारों के क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की।

दौरे के दौरान आयोग सदस्य ने जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और समिति सदस्यों के साथ बैठक कर ज़मीनी स्तर की चुनौतियों व जरूरतों का आकलन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण और समीक्षा बैठक में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी संतोष ठाकुर, बाल कल्याण समिति के सदस्य जायदु कर्जी, हैदर अली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। आयोग सदस्य ने विभागीय समन्वय को मजबूत करते हुए बच्चों के हित में और बेहतर कार्य करने पर बल दिया।
इस दौरान बाल अधिकारों की रक्षा, पुनर्वास, सुरक्षा और आवश्यक सहायता को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। श्री दोदराजका ने कहा कि आयोग राज्य के सभी जिलों में बच्चों के हित में कार्यों की नियमित समीक्षा कर रहा है ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।



