झारखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला – सभी थानों को मिलेंगे नए दोपहिया और चार पहिया वाहन, 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

झारखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला – सभी थानों को मिलेंगे नए दोपहिया और चार पहिया वाहन, 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति

रांची, 11 जुलाई  : झारखंड सरकार ने राज्य के थानों की बदहाल स्थिति को देखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कुल 27 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें सबसे अहम प्रस्ताव पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर लिया गया।

कैबिनेट ने राज्य के सभी पुलिस थानों के लिए दोपहिया और चार पहिया वाहनों की खरीद को स्वीकृति प्रदान की है। दोपहिया वाहनों की खरीद पर 20.41 करोड़ रुपये जबकि चार पहिया वाहनों की खरीद पर 126.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस प्रकार कुल 146.79 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है।

थानों की जर्जर व्यवस्था पर सरकार की गंभीरता

झारखंड के कई थानों में वर्तमान में पुराने और जर्जर हालत के वाहन इस्तेमाल में लाए जा रहे हैं। कई थाना ऐसे भी हैं जहाँ पुलिस को किराए के वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे न सिर्फ़ आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रभावित होती है बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी गंभीर कठिनाइयाँ आती हैं।

राज्य सरकार ने इसे एक प्राथमिकता के रूप में लेते हुए तय किया है कि सभी थानों को बेहतर, आधुनिक और भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि अपराध नियंत्रण, गश्ती और त्वरित कार्रवाई की क्षमता में सुधार हो सके।

कानून-व्यवस्था को मिलेगा बल

विशेषज्ञों के अनुसार, इस निर्णय से झारखंड की कानून-व्यवस्था को नई गति मिलेगी। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में जहां समय पर पुलिस पहुँच एक बड़ी चुनौती होती है, वहाँ अब स्थिति बेहतर हो सकेगी। पुलिस की निगरानी क्षमता और सक्रियता बढ़ेगी जिससे अपराधियों में डर और आमजन में विश्वास बढ़ेगा।

अन्य प्रस्ताव भी हुए पारित

बैंठक में अन्य कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई, जो राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक, आर्थिक और सामाजिक सुधार को गति देंगे। हालांकि, पुलिस थानों के लिए वाहनों की खरीद संबंधी यह निर्णय सबसे अहम माना जा रहा है।

Share This Article