श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों को लेकर खूंटी उपायुक्त ने किया आमरेश्वर धाम का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर जिलावासियों की समृद्धि व स्वास्थ्य की कामना की
खूंटी, 11 जुलाई : श्रावण मास के पावन आरंभ के साथ ही खूंटी जिले में स्थित ऐतिहासिक आमरेश्वर धाम में श्रावणी मेला 2025 की तैयारियाँ जोरों पर हैं। मेला की व्यापक तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को खूंटी उपायुक्त आर० रॉनिटा ने पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो एवं जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे – स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, तालाब किनारे बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग तथा भीड़ नियंत्रण का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को मेला अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने और सतर्क रहने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि बताते हुए ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण कर डायवर्जन रूट की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता को सड़कों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
इस अवसर पर उपायुक्त रॉनिटा ने आमरेश्वर धाम स्थित बाबा भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर पूरे जिलेवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यगण भी उपस्थित थे।



