भ्रामक सूचनाओं के दौर में प्रेस की विश्वसनीयता सबसे बड़ी पूंजी : अनुज सिन्हा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

भ्रामक सूचनाओं के दौर में प्रेस की विश्वसनीयता सबसे बड़ी पूंजी : अनुज सिन्हा

पूर्वी सिंहभूम में पत्रकारिता की चुनौतियों पर मंथन, वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान

जमशेदपुर, 22 दिसंबर : तेजी से बढ़ती भ्रामक सूचनाओं और सोशल मीडिया के दबाव के बीच प्रेस की विश्वसनीयता को बनाए रखना आज की सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। इसी विषय पर जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम एवं प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में होटल कैनेलाइट में एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया।

सेमिनार के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता, प्रभात खबर के पूर्व संपादक एवं लेखक अनुज सिन्हा ने कहा कि भ्रामक खबरें केवल व्यक्ति विशेष नहीं, बल्कि समाज और देश पर भी दूरगामी नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। उन्होंने आगाह किया कि केवल सोशल मीडिया आधारित रिपोर्टिंग पत्रकारिता के लिए घातक है। पत्रकार और अखबार की पहचान उसकी विश्वसनीयता से होती है, जिसे किसी भी कीमत पर खोना नहीं चाहिए। उन्होंने संयम, धैर्य और तथ्यों की गहन जांच पर विशेष बल दिया।

विशिष्ट अतिथि अपर उपायुक्त श्री भगीरथ प्रसाद ने कहा कि किसी एक व्यक्ति या संस्था के पास संपूर्ण सत्य होने का दावा करना गलत है। पत्रकारिता एक सैद्धांतिक और राष्ट्रीय दायित्व है, जिसका निर्वहन निष्पक्षता से होना चाहिए।

हिंदुस्तान के संपादक गणेश मेहता ने कहा कि पाठक आज भी मीडिया पर भरोसा करता है, इसलिए पत्रकारों को समय के साथ स्वयं को लगातार परिष्कृत करना होगा। वहीं दैनिक उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर अत्यधिक निर्भरता को पत्रकारिता के लिए चिंताजनक बताया। करीम सिटी कॉलेज की मास कम्युनिकेशन विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा तिवारी ने कहा कि किसी भी सूचना की अंतिम पुष्टि का दायित्व आज भी मुख्यधारा मीडिया पर है और एआई पर पूरी तरह निर्भर रहना उचित नहीं है।

कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिवंगत पत्रकारों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया, जबकि कई वरिष्ठ एवं सक्रिय पत्रकारों को उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर पुस्तकों का विमोचन भी हुआ। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे सेमिनार सार्थक और विचारोत्तेजक बन सका।

Share This Article