हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा बागबेड़ा, सैकड़ों महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा बागबेड़ा, सैकड़ों महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा

जमशेदपुर, 19 अगस्त : बागबेड़ा रामनगर स्थित शिव मंदिर में मंगलवार को भगवान शिव की पूजा-अर्चना विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुई। पूजा के बाद सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में भव्य कलश यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान महिलाओं की भक्ति और उत्साह से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।

कलश यात्रा रामनगर स्थित शिव मंदिर से शुरू होकर बागबेड़ा रेलवे लाल बिल्डिंग, गांधीनगर और डीबी रोड चौक होते हुए बागबेड़ा बड़ौदा घाट स्थित खरकई नदी के तट पर पहुंची। नदी तट पर विधि-विधान के साथ कलश विसर्जन किया गया, जिसके बाद यात्रा का समापन हुआ।

कलश यात्रा के दौरान महिलाएं भगवान शिव के भक्ति गीतों पर झूमती और नृत्य करती हुई आगे बढ़ रही थीं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने लगातार ‘हर-हर महादेव’ और भगवान शिव के जयकारे लगाए, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूब गया। यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और महिलाओं में भगवान शिव के प्रति विशेष आस्था एवं उत्साह देखने को मिला।

आयोजन को सफल बनाने में बस्तीवासियों ने भी सहयोग किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, वरीय कांग्रेसी नेता संजय झा, राज नारायण यादव, नकुल उपाध्याय, मंदिर समिति के अध्यक्ष चतुर्भुज सिंह, सचिव त्रिवेणी माधव और कोषाध्यक्ष रोहित सिंह समेत बड़ी संख्या में बस्तीवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share This Article