21 जनवरी को बिष्टुपुर में लगेगा भव्य टुसू मेला, विशाल प्रतिमा व नकद इनाम होंगे आकर्षण

जमशेदपुर, 17 जनवरी : झारखंड वासी एकता मंच के तत्वावधान में 21 जनवरी (बुधवार) को बिष्टुपुर स्थित गोपाल (रीगल) मैदान में भव्य टुसू मेला का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन लगातार 21वें वर्ष किया जा रहा है। मेला का मुख्य आकर्षण विशाल टुसु प्रतिमा, चौड़ल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, टुसु व झुमुर गीत प्रतियोगिता तथा आकर्षक नकद इनाम होंगे।
इसकी जानकारी मंच के मुख्य संयोजक आस्तिक महतो एवं संयोजक सह सांसद बिद्युत बरण महतो ने शनिवार को सोनारी कारमेल स्कूल के पीछे स्थित विकास भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में कोल्हान प्रमंडल के अलावा रांची, तमाड़, खूंटी, साथ ही पश्चिम बंगाल एवं ओड़िशा से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल होंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आयोजकों ने बताया कि इस बार सुरक्षा को सर्वोपरि रखा गया है। मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा मंच के समीप बड़े आकार की एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। मेला क्षेत्र में नशापान एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुबह 10 बजे से प्रतिमाओं की एंट्री
आयोजकों ने बताया कि सुबह 10 बजे से टुसू प्रतिमा एवं चौड़ल की मैदान में एंट्री शुरू होगी। गत वर्ष 350 से अधिक टुसू एवं चौड़ल शामिल हुए थे, जबकि इस वर्ष इससे भी अधिक संख्या में पहुंचने की उम्मीद है। मौके पर अतिथियों द्वारा मेला का पोस्टर विमोचन भी किया गया।
संवाददाता सम्मेलन में मंच के सह संयोजक बबलू महतो, सुखदेव महतो, सचिन महतो, अनन्तो प्रधान, करमु हांसदा, उमानाथ झा, चुनका मार्डी, सत्यनारायण महतो, धनंजय महतो, गोपाल महतो सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
टुसू को 41 हजार व चौड़ल को 31 हजार प्रथम पुरस्कार
मंच के सह संयोजक बबलू महतो एवं सुखदेव महतो ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नकद इनाम मेला का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
टुसू प्रतिमा प्रतियोगिता में कुल 7 पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम 41 हजार, द्वितीय 35 हजार, तृतीय 31 हजार, चतुर्थ 25 हजार, पंचम 20 हजार, षष्ठ 15 हजार व सप्तम 11 हजार रुपये।
वहीं चौड़ल प्रतियोगिता में 4 पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। जिनमें प्रथम 31 हजार, द्वितीय 25 हजार, तृतीय 21 हजार एवं चतुर्थ 15 हजार रुपये।
इसके अलावा बूढ़ी गाड़ी नाच प्रतियोगिता में भी चार पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रथम 15 हजार, द्वितीय 11 हजार, तृतीय 7 हजार एवं चतुर्थ 5 हजार रुपये।
मेला संचालन के लिए टीम गठित
मेला के सफल संचालन हेतु मंच की युवा टोली को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। गेट प्रबंधन, प्रतिमा प्रवेश, मंच संचालन एवं निर्णायक मंडली के समन्वय सहित सभी कार्यों के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।



