अवैध खनन के विरुद्ध खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो जेसीबी, दो ट्रैक्टर और एक हाइवा जप्त

चांडिल, 16 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिला में खनिज पदार्थों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला खनन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। लगातार चलाए जा रहे अभियान के दौरान विभाग को कभी बड़ी सफलता मिल रही है तो कभी निराशा हाथ लग रही है। इसी क्रम में जिला के उपायुक्त के निदेशानुसार जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में चांडिल थाना की पुलिस के साथ कांदरबेड़ा क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

अवैध खनन का मामला दर्ज
कार्रवाई के क्रम में खनन विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने कांदरबेड़ा में पत्थर का अवैध खनन करते हुए पाया। मौके पर टीम ने अवैध खनन करते हुए दो जेसीबी (215 LC) वाहन, एक हाइवा वाहन (संख्या जेएच 05डीयू 4942), दो ट्रैक्टर, माउंटेड ड्रिलिंग मशीन और लगभग 1800 घनफीट पत्थर खनिज को विधिवत जब्त किया गया। इस मामले में जमीन मालिक, वाहन मालिक व चालक और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नहीं चलेगा अवैध कारोबार
इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने कहा कि खनिज संसाधनों की अवैध निकासी एवं परिवहन पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो। जब्त खनिज एवं वाहनों के संबंध में विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में अवैध खनन की रोकथाम हेतु नियमित निरीक्षण एवं संयुक्त गश्ती अभियान निरंतर संचालित किए जाएंगे। खनिज संपदा का संरक्षण एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



