कुकड़ू : ग्राम प्रधानों के लिए पेसा अधिनियम पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

नीमडीह, 15 सितंबर : सरायकेला- खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड सभागार में सोमवार को पेसा अधिनियम के अंतर्गत ग्राम प्रधानों हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुकड़ू ने किया।इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम प्रधानों को ग्राम सभा की संरचना, अधिकारों और जिम्मेदारियों के साथ-साथ पंचायत स्तरीय निर्णय प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी से अवगत कराना है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी। इसमें बताया गया कि– ग्राम प्रधान यह सुनिश्चित करें कि ग्राम सभा की बैठकें नियमित रूप से आयोजित हों।विकास योजनाओं के चयन एवं स्वीकृति में ग्राम सभा की भूमिका अनिवार्य हो।

भूमि, जल और वन जैसे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन में ग्राम सभा के निर्णयों का पालन किया जाए।ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों का अभिलेख तैयार कर सुरक्षित रखा जाए।पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि और प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



